उदयपुर सहित देश के तीन शहर बनेंगे वेटलैंड सिटी

भोपाल और इंदौर का भी प्रस्ताव भेजा गया 
उदयपुर। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय देश के तीन शहरों को वेटलैंड घोषित करने की तैयारी कर रही है। इसमें उदयपुर शहर भी शामिल है। इसके अलावा मध्यप्रदेश के इंदौर तथा राजधानी भोपाल को वेटलैंड सिटी घोषित किए जाने के प्रस्ताव स्विट्जरलैंड रामसर संस्था को भेजे गए हैं। यदि इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाती है तो ये तीनों भारत के वेटलैंड सिटी बन जाएंगे।
केन्द्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने अपने ट्वीटर अकाउंट पर इसकी जानकारी शेयर की है। केन्द्रीय मंत्री ने लिखा है कि ” देश के पहले तीन शहरों जिनमें उदयपुर, भोपाल और इंदौर शामिल हैं, को रामसर साइट के लिए नामांकन प्रस्ताव भेजे गए हैं। इस योजना का लक्ष्य शहरी क्षेत्र से सटी आर्द्र भूमि का संरक्षण और उसका उचित उपयोग करने के साथ स्थानीय आबादी के लिए सामाजिक, आर्थिक लाभ का बढ़ावा देना है।”
पिछले साल अक्टूबर में अनुमोदित हुआ था उदयपुर का प्रस्ताव
गौरतलब है कि उदयपुर की जिला पर्यावरण समिति ने 9 अक्टूबर 23 को बैठक में उदयपुर शहर को वेटलैंड सिटी घोषित किए जाने के लिए रामसर संस्था को प्रस्ताव भिजवाए जाने के लिए अनुमोदन किया था। जिसके बाद यह प्रस्ताव राज्य आर्द्र भूमि प्राधिकरण को भेजा गया था। वहां से यह प्रस्ताव केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय पहुंचा था।
मेनार के तालाब पहले ही वेटलेंड घोषित
उदयपुर जिले के मेनार गांव के दो तालाबों को रामसर संस्था पहले ही वेटलेंड घोषित कर चुकी है। अब देश के तीन शहरों के वेटलेंड सिटी घोषित किए जो की बारी है। उदयपुर शहर इसलिए वेटलैंड सिटी घोषित हो सकती है, क्याूंकि यह शहर चारों तरफ झीलों से घिरा है। यहां शहर के अंदर फतहसागर, पिछोला एवं स्वरूपसागर झील है, वहीं बाहरी क्षेत्र में बड़ी, उदयसागर, गोवर्धनसागर के अलावा नजदीकी सलूम्बर जिले में जयसमंद झील भी स्थित है।
यह होंगे फायदे
यदि उदयपुर शहर को वेटलैंड सिटी घोषित कर दिया जाता है, तो कई फायदे होंगे। उनमें प्रमुखतया जिले के पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिए जाना, वॉटर बॉडी के संरक्षण को भी बढ़ावा दिए जाने के साथ ईको टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा झीलों तथा तालाबों में दूसरी गतिविधियां थम जाएंगी, जिससे झीलें स्वच्छ रहेंगी। जैव विविधता और पर्यावरण के प्रति सजगता बरती जाएगी। शहरी विकास भी होगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!