उदयपुर, 21 फरवरी : जिले की ऋषभदेव थाना पुलिस ने दो साल से फरार चल रहे हत्या के आरोपी विजयपाल उर्फ विजय कलाल निवासी शक्तावतों का गुड़ा सेमारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस ईनामी बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से हत्या में उपयोग की गई बोलेरो कार भी जब्त कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार मामला 9 अक्टूबर 2022 का है, जब प्रार्थी सुखलाल मीणा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। सुखलाल ने बताया कि उसकी पहली पत्नी का निधन हो गया था, जिसके बाद उसने संगीता नाम की महिला से नाता विवाह किया। उनकी तीन बेटियां भी हैं।
8 अक्टूबर 2022 की रात कुछ अज्ञात बदमाश उसके घर पहुंचे और उसकी पत्नी संगीता को जबरदस्ती उठा ले गए। आसपास के लोगों ने बताया कि एक गाड़ी आई थी, जिसमें कुछ संदिग्ध लोग थे। पुलिस ने इस मामले की गहन जांच शुरू की और मृतका के सौतेले बेटे कन्हैयालाल तक पहुंची, जिससे पूरे षड्यंत्र का खुलासा हुआ।
जांच में सामने आया कि कन्हैयालाल ने एक महिला तांत्रिक रोडकी देवी के बहकावे में आकर अपनी सौतेली मां की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस इस मामले में पहले ही कन्हैयालाल, महिला तांत्रिक सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। आरोपी विजयपाल पिछले दो साल से फरार था, जिसे अब पुलिस ने पकड़कर कोर्ट में पेश किया, जहां से कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।