निगम की अनदेखी के चलते गटर बनती फतहसागर को भरने वाली मदार नहर

उदयपुर। नगर निगम के बनाए नाले का गंदा पानी बड़गांव क्षेत्र में मनोहरपुरा पुलिया के पास मदार नहर में गिरने से नहर गटर का रूप ले रही हैं। यह हाल उस मदार नहर के हैं जो फतहसागर झील को भरने और उसे छलकाने में अहम भूमिका अदा करती हैं।
बड़गांव सरपंच संजय शर्मा और पंचायत समिति सदस्य भुवनेश व्यास ने बताया कि ट्रेजर टाउन के सामने मनोहरपुरा क्षेत्र की आबादी के गंदे पानी की निकासी के लिए नगर निगम ने नहर के सहारे सहारे एक नाला बनाया। मनोहरपुरा पुलिया के पास मदार नहर के नीचे अंडरग्राउंड बाईपास बनाकर गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था की गई थी। अज्ञात लोगों ने नहर के नीचे बने अंडरग्राउंड बाईपास को जाम कर पानी निकासी बंद कर दी। उस कारण आबादी का गंदा पानी नहर किनारे बने कट से होकर कई महीनों से सीधा मदार नहर में गिर रहा हैं।
पंचायत समिति सदस्य भुवेनश व्यास ने बताया कि नगर निगम के जिम्मेदारों को कई बार सूचना देने के बावजूद अभी तक अवरूद्ध नाले को साफ करने का प्रयास तक नहीं किया गया। जैसे-जैसे पानी की मात्रा बढ़ रही हैं वैसे-वैसे गंदा पानी देवाली की तरफ बढ़ रहा हैं और यहीं हालत रहे तो अगले मानसून में सबसे पहले यही गंदगी और गंदा पानी फतहसागर पहुंचेगा। व्यास ने दुख जताया कि इसी झील का पानी उदयपुर शहर सहित आसपास के कई क्षेत्रों के हजारों लोगों को पेयजल के रूप में सप्लाई किया जा रहा। अब भी समय रहते गंदे पानी की निकासी नहीं की गई तो झील हित में मुख्यमंत्री और चीफ सेक्रेट्री को पत्र लिखेंगे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!