श्रम विभाग का पोर्टल बंद, नहीं बन पा रहे श्रम कार्ड

-राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में बिना श्रम कार्ड नहीं जुड़ा पा रहे नाम

-राजेश वर्मा
उदयपुर, 6 फरवरी। प्रदेश के श्रम विभाग का पोर्टल बंद है। श्रम कार्ड बनवाने के लिए लोग परेशान हो रहे हैं। श्रम कार्ड के अभाव में लोग राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ लेने के लिए उसमें अपना नाम नहीं जुड़वा पा रहे हैं। परेशान लोग अपना नाम खाद्य सुरक्षा योजना में नहीं जुड़ने की स्थिति में लाभ से वंचित होने से आशंकित हैं।

सरकार ने गत 22 जनवरी को आदेश जारी कर राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत पात्र लोगों के नाम जोड़ने और हटाने के लिए प्राप्त आवेदन का निस्तारण अगले एक माह में करने के संबंध में रसद विभाग को आवश्यक दिशा निर्देश दिए हुए हैं। इसकी सूचना पर लोग लाभ लेने के लिए अपना नाम जुड़वाने पोर्टल पर पहुंचे जहां उनसे आवेदन के साथ श्रम विभाग से जारी श्रम कार्ड संलग्न करने को कहा। इस पर लोगों ने श्रम कार्ड बनवाने के लिए आवेदन करना चाहा लेकिन श्रम विभाग का पोर्टल बंद पाया। काफी प्रयास करने के बाद भी पोर्टल पर वे आवेदन नहीं कर पाने से अब लोग परेशान हो रहे हैं। श्रम विभाग में श्रमिक कार्ड बनना बंद है। परेशान लोगों का कहना है कि श्रम कार्ड के अभाव में वे राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में अपना नाम नहीं जुड़ा पा रहे हैं और अंतिम तिथि नजदीक आ रही है। उन्हें आशंका है कि कहीं वे योजना से वंचित न रह जाए।

श्रम विभाग की बता पाएगा समस्या: डीएसओ भटनागर : इस संबंध में जिला रसद अधिकारी मनीष भटनागर ने बताया कि श्रम विभाग ने अपना पोर्टल पहले खोल रखा था और कईयों ने आवेदन कर श्रम कार्ड प्राप्त भी किए। करीब साढ़े छह हजार लोगों ने नाम जुड़वाने के लिए आवेदन भी किया है। अब जो श्रम विभाग में आवेदन करना चाहते है तो उन्होंने समय रहते पहले श्रम कार्ड क्यों नहीं बनवाया। अब अगर श्रम विभाग का पोर्टल बंद है तो श्रम विभाग वाले ही इसके बारे में बता पाएगा।

तकनीकी समस्या आई है, ठीक कर रहे हैं: संयुक्त श्रम आयुक्त मोदी : श्रम विभाग के संयुक्त श्रम आयुक्त संकेत मोदी ने बताया कि पोर्टल में तकनीकी समस्या आ रही है जो स्टेट लेवल से है। उसे ठीक करने के लिए काम चल रहा है। जल्द ही ठीक होने की उम्मीद है। ठीक होते ही लोग आवेदन कर सकेंगे। वैसे राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में नाम जुड़वाने के लिए अन्य कार्ड का भी विकल्प है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!