मादक पदार्थ बेचने वाले अंतर्राष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

उदयपुर, 1 फरवरी : अंतर्राष्ट्रीय गिरोह द्वारा उदयपुर में अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए की खरीद-फरोख्त के मामले में पूर्व में गिरफ्तार की गई केन्याई महिला के दो और साथियों को पुलिस ने दबोच लिया है। जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देशानुसार चलाए गए अभियान के तहत बडगांव थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।

गिरफ्तारी की पूरी कार्रवाई : पुलिस ने 26 जनवरी को सूचना के आधार पर केन्या निवासी नैंसी अविनो (27) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 30.17 ग्राम एमडीएमए जब्त किया था। जांच के दौरान नैंसी ने कबूल किया कि उसने यह मादक पदार्थ दिल्ली में एक नाइजीरियन युवक से खरीदा था। पुलिस ने 29 जनवरी की रात दिल्ली पहुंचकर आरोपी चियाघलम जेरोम ओनवुनेमे (27) निवासी नाइजीरिया को गिरफ्तार किया। इसके बाद पुलिस ने नैंसी से गहन पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर उदयपुर निवासी अंकित शर्मा को भी गिरफ्तार किया, जिसे नैंसी यह मादक पदार्थ सप्लाई करने वाली थी।

नाइजीरियन आरोपी पहले भी दिल्ली में अवैध मादक पदार्थ रखने और अवैध वीजा के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। वहीं अंकित शर्मा को पूर्व में भी एमडीएमए रखने और बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस इस अंतरराष्ट्रीय गिरोह के अन्य सदस्यों, आपूर्ति चैन और नेटवर्क का गहन तकनीकी विश्लेषण कर रही है। मामले की जांच जारी है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!