डूंगरपुर,04सितंबर. कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने घोषणा की है कि कांग्रेस उपचुनाव में राज्य की सभी 6 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। गठबंधन का फैसला कांग्रेस हाईकमान करेगा और उसका निर्णय सभी के लिए मान्य होगा। डोटासरा ने सागवाड़ा में कांग्रेस कार्यालय में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में यह बात कही। डोटासरा ने उपचुनाव की तैयारियों पर चर्चा करते हुए बताया कि कांग्रेस संबंधित जिलों में अपनी स्थिति को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस सभी 6 सीटों पर जीत हासिल करेगी। इसके अलावा, डोटासरा ने भाजपा सरकार पर भी कड़ा प्रहार किया, उनके 9 माह के कार्यकाल को असफल बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रशासनिक तंत्र प्रभावी रूप से काम नहीं कर रहा है, और जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने सत्ता में आने के बाद जनता को भ्रमित किया और अब लोग ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।पेपर लीक मामले पर डोटासरा ने सख्त कार्रवाई की मांग की और आरपीएससी के पुनर्गठन की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने शिक्षा विभाग पर भी निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में शिक्षा मंत्री की भूमिका सवालों के घेरे में है और सरकारी स्कूलों में नामांकन घट रहे हैं। उन्होंने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि साइकिलों के रंग बदलने के बजाय, कुछ ठोस कदम उठाए जाने चाहिए थे।
उपचुनाव में कांग्रेस की सभी 6 सीटों पर उतारेगी उम्मीदवार, गठबंधन का फैसला आलाकमान पर निर्भर: गोविंद सिंह डोटासरा
