धूणी दर्शन से वंचित रखना अस्वीकार्य : विश्वराज सिंह मेवाड़, जगदीश चौक क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू

धूणी दर्शन से वंचित रखना अस्वीकार्य : विश्वराज सिंह मेवाड़
उदयपुर, 26 नवम्बर : उदयपुर के पूर्व राजपरिवार में जारी विवाद के बीच भाजपा विधायक और दिवंगत महेंद्र सिंह मेवाड़ के पुत्र विश्वराज सिंह मेवाड़ ने मंगलवार को प्रशासन पर सवाल खड़े किए। सोमवार को राजतिलक की रस्म पूरी करने के बाद विश्वराज सिंह धूणी के दर्शन नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि यह उनका अधिकार था, लेकिन प्रशासन व्यवस्था करने में विफल रहा।
विश्वराज ने प्रशासन की भूमिका को कमजोर बताते हुए कहा, “यह सिर्फ एक दर्शन की बात थी। प्रशासन को इसे सुनिश्चित करना चाहिए था, लेकिन वह अपने कर्तव्यों में विफल रहा। जहां पत्थरबाजी हुई और मेरे अधिकारों का उल्लंघन हुआ, वहां अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।”
कानून हाथ में लेने से किया इनकार
उन्होंने कहा कि मेवाड़ के लोग गलत के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, लेकिन उन्होंने कानून को हाथ में न लेने की अपील की।
जगदीश चौक क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू
यहां जगदीश चौक और उसके 500 मीटर आसपास क्षेत्र में आगामी आदेशों तक भारतीय न्याय संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। यह आदेश जिला कलेक्टर एवं मजिस्ट्रेट अरविंद पोसवाल ने 25 नवंबर को मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार के बीच हुए विवाद से उत्पन्न परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जारी किया। निषेधाज्ञा के दौरान इस क्षेत्र में समूह में 5 या उससे अधिक लोगों के एकत्रित होने, हथियारों के प्रदर्शन और किसी भी प्रकार के उग्र प्रदर्शन पर रोक रहेगी। यह कदम कानून व्यवस्था बनाए रखने और शांति को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
बैठकर ही होगा समाधान: कलेक्टर पोसवाल
सिटी पैलेस में विश्वराज सिंह मेवाड़ के धूणी दर्शन को लेकर हुए विवाद और पथराव की घटना के बाद शहर में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मंगलवार सुबह से ही जगदीश चौक और सिटी पैलेस क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
जिला कलेक्टर अरविंद पोसवाल ने शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा, “बड़ी से बड़ी समस्या का समाधान बैठकर किया जा सकता है। दोनों पक्ष जिम्मेदार नागरिक हैं, और उनसे बातचीत के जरिए समाधान की कोशिश की जा रही है।”
पैलेस रोड पर प्रतिष्ठान और शोरूम रहे बंद
पूर्व राजपरिवारों के बीच चल रहे विवाद और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने जगदीश चौक क्षेत्र में भारी पुलिस तैनाती की। इसके चलते पूरे क्षेत्र में पुलिस छावनी जैसी स्थिति बनी रही। जगदीश चौक में बेरिकेड्स लगाए गए थे, जिसके कारण पैलेस रोड के दोनों तरफ स्थित दुकानों, हैंडीक्राफ्ट शोरूम और प्रतिष्ठानों को बंद रहना पड़ा। व्यापारियों को इस बंदी के चलते काफी नुकसान हुआ, क्योंकि सिटी पैलेस और आसपास के क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही नहीं हो पाई।
इस स्थिति से व्यापारिक गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा और कई दुकानदारों को नुकसान उठाना पड़ा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!