उदयपुर, 6 जुलाई (ब्यूरो): शहर के अंबामाता थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने देवरों के खिलाफ उसके हिस्से में आए प्लॉट को हड़पने के लिए गाली—गलौच व मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार कमला गमेती पत्नी स्व. पन्नालाल गमेती निवासी गोरेला उबेश्वर जी मार्ग सीसारमा ने अपने देवरों प्रकाश व मनोहर पुत्र स्व. भैरू निवासी मिराज कॉम्प्लेक्स शोभागपुरा पर आरोप लगाया है कि उन्होंने ससुर के दिए प्लॉट को हड़पने के लिए उससे मारपीट की। पीड़िता ने बताया कि उसके पति का निधन 18 वर्ष पूर्व हो चुका है। 6 माह पूर्व उसके ससुर का भी देहांत हो गया था। ससुर ने जीवित रहते अपनी सम्पति का मौखिक बंटवारा कर दिया था, जिसमें मकान उसके दो देवरों मनोहर व प्रकाश के हिस्से में आया और महिला के हिस्से में एक खाली प्लॉट आया था। ससुर के देहांत हो बाद उसके देवर मनोहर, प्रकाश व परिवार के अन्य लोगों ने मिलकर उसके प्लॉट पर जाने पर रोक लगा दी। साथ ही उसके साथ गाली—गलौच व मारपीट भी की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दुकान पर पथराव में युवक घायल
उदयपुर, 6 जुलाई (ब्यूरो): जिले के ओगणा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने गांव के कुछ लोगों के खिलाफ उसकी दुकान पर पत्थराव करने और मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार मोती सिंह पुत्र भूर सिंह सोलंकी निवासी झांक गोगुंदा की दुकान पर 4 जुलाई की शाम को हदा तलाई निवासी जगा पुत्र धीरा, रामा पुत्र हकरा, थावरा पुत्र हीरा गमेती ने अपने साथियों के साथ हमला कर दिया। मना करने पर आरोपी उसकी दुकान पर पत्थर फेंकने लगे। पत्थरबाजी की घटना में मोती सिंह का भतीजा महेंद्र सिंह पुत्र भोपाल सिंह सोलंकी घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
युवक की हार्ट अटैक से मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
उदयपुर, 6 जुलाई (ब्यूरो): शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में एक युवक की हार्ट अटैक से मौत होने पर परिजनों ने उसके प्रतिस्पर्धी पर जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार विनोद कुमार पुत्र सुन्दरलाल सोनी निवासी मालवियों का चौराहा गोगुन्दा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसका बेटा वंशवर्धन (21) कालका माता रोड आदर्श नगर उदयपुर में अपने रुम पार्टनर पूरणसिंह के साथ रहता था। पढाई के साथ-साथ इवेंटस में सिंगर का काम भी करता था। 4 जुलाई को उसके दोस्त पूरणसिंह पुत्र नरेन्द्रसिंह ने फोन करके बताया कि वंशवर्धन को हार्ट अटैक आया है, जिसकी वजह से हम उसे हॉस्पिटल ले जा रहे हैं। लेकिन जब तक वंश के परिजन हॉस्पिटल पहुंचे उसकी मृत्यु हो चुकी थी। मृतक के पिता विनोद कुमार ने बताया कि उसके बेटे के नाखून, होंठ व शरीर नीला पड गया था। उन्होंने अपने बेटे के किसी इवेंट प्रतिस्पर्धी द्वारा जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या करने की आशंका जताई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।