सनातन परम्पराओं के अनुरूप यज्ञ एवं विभिन्न अनुष्ठान हुए
बांसवाड़ा, 19 नवम्बर/गायत्री मण्डल के तत्वावधान में भानु सप्तमी एवं सहस्रार्जुन जयन्ती पर रविवार को पीताम्बरा आश्रम स्थित हनुमत्पीठ परिसर में नियमित जारी गायत्री एवं हनुमान यज्ञ के साथ ही विभिन्न अनुष्ठान एवं सूर्य तथा सहस्रार्जुन यज्ञ का आयोजन हुआ।
गायत्री मण्डल के उपाध्यक्ष ब्रह्मर्षि पं. दिव्यभारत पण्ड्या के आचार्यत्व में आदित्यहृदय स्तोत्र, सूर्यअर्थर्वशीर्ष, दशाक्षरी मंत्र सहित सूर्य सूक्त, सूर्य अष्टोत्तरशतनाम स्तोत्र पाठ एवं क्षीर सहित विभिन्न उपचारों से हवन किया गया। इसके उपरान्त सहस्रार्जुन के अनुष्ठान किए गए। इनमें कार्तवीर्यार्जुन स्तोत्र, मंत्र जप आदि से यज्ञ, दीपदान आदि किए गए। यज्ञ में पूर्णाहुति शिक्षाविद् पं. मनोहर जोशी ने दी।
इस अवसर पर गायत्री मण्डल के सह सचिव सुभाष भट्ट, कार्यकारिणी सदस्य अनन्त जोशी, पं. मधुसूदन व्यास, पं. जय रणा, पं. मुकेश किशोर पाठक, दिलीप अधिकारी आदि ने अनुष्ठानों एवं यज्ञार्चन में हिस्सा लिया। इससे पूर्व आद्यशंकराचार्य प्रवर्तित सनातन परम्परा के अनुसार विनायक, भैरव, महामृत्युन्जय एवं पंच देव उपासना का क्रम किया गया। यज्ञ के उपरान्त खीर का प्रसाद वितरित किया गया।
शनिवार रात लाभ पंचमी पर हुए अनुष्ठान
इससे पूर्व शनिवार रात पीताम्बरा आश्रम में नियमित गायत्री यज्ञ तथा हनुमान यज्ञ के साथ ही लाभ पंचमी के उपलक्ष्य में श्रीविद्या, श्रीसूक्त, श्रीयंत्रार्चन, पीताम्बरा यंत्रार्चन आदि के साथ श्रीसाधना मंत्रों से यज्ञ हुआ।
गायत्री मण्डल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष ब्रह्मर्षि पं. दिव्यभारत पण्ड्या के आचार्यत्व में हुए इन अनुष्ठानों व यज्ञ में मुख्य साधक श्री आशीष त्रिवेदी एवं श्रीमती सुरभि त्रिवेदी(बड़ौदा) ने पूर्णाहुति दी और आरती उतारी। इस दौरान् चन्द्र पूजा, नवनाग पूजा आदि के अनुष्ठान भी हुए।
शनिवार रात आश्रम परिसर में श्रीविद्या उपासकों ने विभिन्न उपचारों के साथ ललितार्चन अनुष्ठान के उपरान्त साधक-साधिकाओं तथा क्षेत्रवासी श्रद्धालुओं को खीर का प्रसाद वितरित किया गया।