उदयपुर, 12 अप्रैल। लेकसिटी के पुलिस निरीक्षक हिमांशु सिंह राजावत को विभाग में उल्लेखनीय सेवाओं के लिए राज्य के प्रतिष्ठित ‘मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक’ प्रदान किया जाएगा। गृह विभाग की ओर से इस संबंध में राजस्थान पुलिस दिवस परेड के अवसर पर यह पदक दिए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई है।
राजावत को यह सम्मान राज्य सरकार द्वारा राजस्थान पुलिस के अधिकारियों / कर्मचारियों को पुलिस बल के सदस्य के रूप में सराहनीय सेवाओं, उनके कठोर परिश्रम एवं योगदान के दृष्टिगत उनके मनोबल व उत्साहवर्धन के लिए प्रदान किया जाएगा। राजावत को 16 अप्रैल को जयपुर में राजस्थान पुलिस अकादमी में आयोजित होने वाले 76वें पुलिस स्थापना दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में ‘मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक’ से सम्मानित किया जाएगा।