उदयपुर, 17 मार्च : मेवाड़ के पूर्व राज परिवार के सदस्य अरविंद सिंह मेवाड़ को सोमवार को पूरे राजसी सम्मान और परम्पराओं के साथ अंतिम विदाई दी गई। आयड़ स्थित महासतियां में वे पंचतत्व में विलीन हो गए। उनके पुत्र लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने मुखाग्नि दी। अंतिम यात्रा में मेवाड़ की गौरवशाली परम्पराओं और उदयपुर शहर के जनसैलाब ने अश्रुपूरित विदाई दी।
सिटी पैलेस परिसर में स्थित शंभू निवास में दिवंगत अरविंद सिंह मेवाड़ की पार्थिव देह अंतिम दर्शन के लिए रखी गई। देश-विदेश से आए परिजनों, मेहमानों और आमजन ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दी। पूर्व क्रिकेटर और जामनगर राजघराने के सदस्य अजय जडेजा, कवि और अभिनेता शैलेश लोढ़ा, ताज ग्रुप के पुनीत चटवाल, शिव (बाड़मेर) विधायक रवीन्द्र सिंह भाटी, उदयपुर एसपी योगेश गोयल सहित शहर के गणमान्यजन सिटी पैलेस पहुंचे और श्रद्धांजलि अर्पित की।
सिटी पैलेस स्थित शंभू निवास से उनकी अंतिम यात्रा रवाना हुई। राजसी अंदाज में हाथी-घोड़ों, छत्र-निशान के साथ राजपरिवार के बैंड भक्तिगीतों की धुन बजाते चले। अरविंद सिंह मेवाड़ की अर्थी को उनके पुत्र लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ सहित अन्य परिवारजनों ने कांधा दिया। जैसे ही अंतिम यात्रा शंभू निवास से बाहर निकली, बड़ी संख्या में शहरवासी अंतिम विदाई में शामिल होते गए। बड़ी पोल, जगदीश चौक, घंटाघर, बड़ा बाजार, तीज का चौक, देहली गेट होते हुए अंतिम यात्रा राजपरिवारों के अंत्येष्टि स्थल आयड़ स्थित महासतियां पहुंची। मार्ग में सबसे आगे चल रहे वाहन से सड़कों पर पुष्प वर्षा की गई जिससे सड़क पर पुष्प की चादर सी बिछ गई। जगह-जगह शहर के विभिन्न समाजों और संस्थाओं की ओर से पुष्पांजलि अर्पित की गई। सड़क के दोनों ओर कतारबद्ध होकर आमजन ने भी नम आंखों से पुष्पांजलि अर्पित की।