सांसद ने मेवाड़ क्षेत्र में बांस मिशन की योजनाओं को धरातल पर लाने के दिए निर्देश
उदयपुर, 24 फरवरी। भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किसान सम्मान निधि की 19वीं किश्त के द्वारा 9.7 करोड़ किसानों के खातो में 22,500 करोड हस्तान्तरण किये गये। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केन्द्र में लोकसभा सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने “पी.एम. किसान सम्मान निधि कार्यक्रम“ का सीधा प्रसारण देखा एवं उपस्थित 174 किसानो एवं अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसानो के लिए अनेक योजनाएं केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित की जा रही है। जिसका किसानो को अपनी जरूरत के अनुसार उनका लाभ ले सकते है। उन्होंने मेवाड़ क्षेत्र में बांस मिशन की योजनाओं को भी धरातल पर लाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिये।
अतिरिक्त निदेशक कृषि डॉ. निरंजन सिंह राठौड़ ने किसानो को बागवानी को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। संयुक्त निदेशक (कृषि विस्तार) डॉ. सुधीर वर्मा ने राज्य सरकार की योजनाओं के बारे में किसानों को जानकारी दी एवं क्षेत्र के किसानो की जोत कम होने के कारण होने वाली समस्याओं के बारे में सांसद को अवगत कराया। विद्या भवन कृषि विज्ञान केन्द्र वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. पी. सी. भटनागर ने केन्द्र की उपयोगी गतिविधियों के बारे में सांसद महोदय को बताया एवं बीज प्रतिस्थापन दर को बढ़ा कर किसानो की आय बढ़ाने पर जोर दिया। बकरी पालन को खेती के साथ एक प्रमुख व्यवसाय बनाने की जरूरत बताया। समाजसेवी दीपक शर्मा ने कृषि विभाग एवं कृषि विज्ञान केन्द्र की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने हेतु किसानो को प्रेरित किया। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य डॉ. पुष्पा शर्मा, अभिषेक पुरोहित, प्रबंधन निदेशक केन्द्रीय सहकारी बैंक एवं लोकेश जोशी उप-रजिस्ट्रार उपस्थित रहे। कार्यक्रम में 10 किसानों को उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन एग्रीनियर हसमुख कुमार ने किया एवं अन्त में डॉ. दीपक जैन ने सभी को धन्यवाद दिया।
सांसद रावत के साथ किसानों ने देखा पीएम किसान सम्मान निधि कार्यक्रम का सीधा प्रसारण
