-राजेश वर्मा
उदयपुर, 1 फरवरी। एआईसीसी राजस्थान प्रभारी, लोकसभा सांसद एवं पंजाब के पूर्व उप-मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि आम आदमी पार्टी खतरे में है। झूठ ज्यादा दिन तक नहीं चलता। वे शनिवार को यहां डबोक एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत कर रहे थे। रंधावा ने कहा कि कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के साथ दिल्ली में गठबंधन करके गलती की। हमने पंजाब में पुरजोर तरीके से गठबंधन नहीं होने दिया। कांग्रेस एक राष्ट्रीय पार्टी है। आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन करके कांग्रेस को फायदा नहीं बल्कि नुकसान होगा। हमें अपना नुकसान नहीं करना चाहिए। हमने कह दिया था कि पंजाब में इंडिया गठबंधन नहीं होगा। पंजाब में कांग्रेस मुख्य विपक्षी पार्टी है, अगर इसका गठबंधन आम आदमी पार्टी के साथ हो जाता तो पंजाब में विपक्ष की भूमिका कौन निभाता ? राजस्थान में सचिन पायलट एवं गोविंद सिंह डोटासरा ने आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन से इनकार किया। हरियाणा में भी हुड्डा ने आम आदमी पार्टी पार्टी के साथ गठबंधन करने से मना कर दिया। बीजेपी 50 साल तक पंजाब में खड़ी नहीं हो सकती। पंजाब में कांग्रेस का संगठित वोट बैंक है।
राजस्थान में जैसे पर्ची आएगी वैसे होगा काम : प्रदेश की भजनलाल सरकार पर हमला बोलते हुए रंधावा ने कहा कि यहां कुछ नहीं हो रहा है। कांग्रेस सरकार द्वारा पीड़ितों के लिए चलाई गई योजनाओं को यह सरकार बंद कर रही है। यह पर्ची की सरकार है, जैसे-जैसे पर्ची आएगी वैसे-वैसे काम होगा।
बजट बिहार चुनाव को ध्यान में रखकर बनाया : रंधावा ने केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया में कहा कि यह बजट बिहार चुनाव को ध्यान में रखकर बनाया गया है। इसमें राजस्थान को लेकर कोई जिक्र नहीं है। राजस्थान को कोई मेडिकल कॉलेज नहीं मिला। जहां यूरिया का सर्वाधिक उपभोग होता है, उस राजस्थान में यूरिया प्लांट का जिक्र नहीं है। यह एक दिशाहीन बजट है। इसमें भारत की आंतरिक एवं बाह्य सुरक्षा को लेकर सरकार खामोश है। राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा, साइबर सुरक्षा जैसी बातों पर बजट में कुछ नहीं है।