राठौड़ शहर व तेली देहात भाजपा जिलाध्यक्ष घोषित

-दावेदारों ने वापस उठाए अपने अपने नामांकन

-राजेश वर्मा
उदयपुर, 29 जनवरी : भाजपा के संगठन पर्व के अंतिम पड़ाव के तहत बुधवार को यहां भाजपा के वरिष्ठ नेता और राजस्थान विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़ ने पार्टी कार्यालय में पदाधिकारियों व दावेदारों से चर्चा के बाद सर्वसम्मति से शहर भाजपा जिलाध्यक्ष पद पर गजपाल सिंह राठौड़ और देहात भाजपा जिलाध्यक्ष पद पर पुष्कर तेली के नामों की घोषणा की।

राठौड़ ने बुधवार सुबह पटेल सर्कल स्थित पार्टी कार्यालय में पहले निर्वाचन अधिकारी विरम देव सिंह,  पार्टी पदाधिकारियों और शहर जिलाध्यक्ष पद के लिए आवेदन करने वाले दावेदारों के साथ बैठक कर चर्चा की। अध्यक्ष पद के लिए 13 दावेदारों ने आवेदन किए थे। राठौड़ ने एक-एक कर सभी दावेदारों से अपने नामांकन वापस उठवाए और एक नाम पर सर्वसम्मति बनाई। इसके बाद समस्त पदाधिकारियो व वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के बीच राठौड़ ने शहर भाजपा जिलाध्यक्ष के लिए निर्विरोध गजपाल सिंह राठौड़ के नाम की घोषणा की। राठौड़ शहर भाजपा जिलाध्यक्ष रवींद्र श्रीमाली की कार्यकारिणी में महामंत्री थे। घोषणा उपरांत रवींद्र श्रीमाली ने राठौड़ को शहर जिलाध्यक्ष का कार्यभार सौंपा। नाम की घोषणा के साथ ही युवा कार्यकर्ताओं में खुशी छा गई। सभी ने माला व उपरणा पहना कर स्वागत अभिनंदन किया। इस मौके पर पर्ची से चुने जाने की चर्चा के सवाल पर मीडिया से राजेंद्रसिंह राठौड़ ने कहा कि जिलाध्यक्ष चुने जाने का फैसला सर्वसम्मति और सभी से मंत्रणा से हुआ है। सभी दावेदारों ने नामांकन वापस लिया। सर्वसम्मति से जिलाध्यक्ष का चयन हुआ है। एक ऐसे व्यक्ति का चयन हुआ जो पहले पार्टी में विभिन्न पदों पर रहे। बिना खड़क व बिना ताल के होकर जिलाध्यक्ष का कार्यभार संभाला है। सबकुछ सर्वसम्मति से तय हुआ इसलिए वोटिंग की भी आवश्यकता नहीं पड़ी। ऊपर से भी यही कहा गया कि जो सर्वश्रेष्ठ हो उसे जिम्मेदारी दी जाए। भाजपा में नए लोगों का मौका मिलता है। अब डबल इंजन की सरकार में विकास के युग की शुरुआत होगी। उसमें हमारे जिलाध्यक्ष की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने कहा कि देश में सबसे बड़ी पार्टी भाजपा के 21 करोड़ से ज्यादा सदस्य है और राजस्थान में 76 लाख कार्यकर्ता पंचनिष्ठाओं से जुड़े हुए हैं। प्रदेश में 52 हजार बूथों पर पार्टी खड़ी है।

शहर जिलाध्यक्ष निर्वाचन के बाद राजेंद्रसिंह राठौड़ बलीचा स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे और वहां देहात भाजपा जिलाध्यक्ष की घोषणा से पहले पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। सभी 19 दावेदारों से सर्वसम्मति से नामांकन वापस उठवाने के बाद राठौड़ ने जिलाध्यक्ष के लिए पुष्कर तेली के नाम की घोषणा की। तेली वर्तमान में जिला परिषद में उप जिला प्रमुख हैं और पहले गोगुंदा प्रधान रह चुके हैं।   पार्टी ने जिला प्रमुख चुनाव में उनको लसाड़िया की तरफ से चुनाव लड़ाया और वे जीत गए और बाद में उप जिला प्रमुख बनाया।

सत्ता व संगठन के बीच सेतू : जिलाध्यक्ष घोषणा के बाद गजपात सिंह राठौड़ ने कहा कि पार्टी ने एक साधारण कार्यकर्ता को दायित्व दिया है। ऐसा भाजपा में ही होता है। वे सबको साथ लेकर संगठन को सशक्त व मजबूत करके सरकार की योजनाएं आम आदमी तक लेकर जाएंगे। सत्ता व संगठन के बीच सेतू की भूमिका निभाएंगे। आने वाले समय में नगर पालिका चुनाव को कैसे जीतें उस पर काम करेंगे। राठौड़ राजनीति में आने से पहले भूपाल नोबल्स महाविद्यालय में छात्रसंघ महासचिव रहे। विश्वविद्यालय छात्रसंघ का चुनाव लड़ा। भाजपा में किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष, युवा मोर्चा संभाग प्रभारी, तीन बार युवा मोर्चा प्रदेश उपध्यक्ष, भीलवाड़ा संगठन सहप्रभारी, शहर जिला महामंत्री व विभिन्न चुनावों में जिलों में प्रभारी रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!