डूंगरपुर, 24 जून (ब्यूरो) टेलीग्राम एप के माध्यम से 16 लाख से अधिक की राशि की ऑनलाइन ठगी के मामले में साइबर पुलिस ने दो आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई है। साइबर थानाधिकारी सुशीलकुमार सिंह ने बताया की 21 मार्च 2023 को आसपुर थाना क्षेत्र के माल गांव के विशाल पुत्र गजानंद मेहता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें उसे टेलीग्राम मैसेजर एप के माध्यम से टिकिट बुकिंग का टास्क पुरा करने पर अधिक मुनाफा मिलने का लालच दिया था। इसी लालच में फंस कर विशाल मेहता ने अलग-अलग खाते में करीब 16 लाख 85 हजार 713 रुपए जमा कराए। इसके बाद उसे ठगी का अहसास होने पर साइबर थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच टीम बनाई। टीम ने संबंधित बैंक खातों की जांच कर खाताधारक का नाम पता लगाया। जिसमें सबसे पहले केतन उर्फ मोंटू पुत्र कौशिक भाई सागर निवासी अमराईवाड़ी अहमदाबाद को गिरफ्तार किया। पुलिस को उसके खाते में चार लाख रुपए बैंक खाते में डेबिट मिले। केतन ने इंडसंड बैंक में खाता खुलवाकर 50 हजार रुपए में कुणाल पुत्र संजयसिंह सोलंकी को किराए पर दिया था। पुलिस की आगे की जांच में कुणाल ने यह खाता हिम्मतसिंह पुत्र नैनसिंह सोलंकी को एक लाख में किराए पर दिया था। पुलिस ने हिम्मतसिंह को गिरफ्तार किया। जिस पर हिम्मतसिंह ने बताया की उसने यह खाता कुलदीपसिंह पुत्र किशोरसिंह सोलंकी निवासी आबुरोड़ जिला सिरोही को दो लाख रुपए में किराए पर दिया था। किराए पर लिए खाते का उपयोग गेमिंग एप पर इंवेस्ट कर अधिक मुनाफा वसूलने का कार्य किया जाता था।
16 लाख की ऑनलाइन ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
