ईंटाली में श्रीमद् भागवत कथा का पांचवा दिन

गौ माता की सेवा से ही होगा मनुष्य का कल्याणः अनुजदास

फतहनगर। मावली तहसील के ईंटाली गांव स्थित श्री बालाजी गौधाम में चल रही श्रीमद् भागवत कथा कार्यक्रम के पांचवें दिन सोमवार को कथा प्रवक्ता अनुजदास महाराज ने कहा कि गौ माता की सेवा से ही मनुष्य का इस जन्म में कल्याण होने वाला है। उन्होने कहा कि घर में लक्ष्मी चाहते हो,घर में सुख शांति चाहते हो तो गौ माता की सेवा करें। सभी का आधार गौ माता की सेवा है और सब के मूल में गौ माता हैं। 33 करोड़ देवता गौ माता के अंदर निवास करते हैं। आप यज्ञ हवन करो,माता-पिता का तर्पण करो या कोई भी शुभ प्रसंग करो गाय के अंश के बिना आपका कोई भी काम सफल नहीं होता है। जिसमें गाय का दूध,दही, गोमूत्र,गोबर इन सभी का अंश कहीं न कहीं जरूर काम में लिया जाता है। महाराज ने बताया कि होटल में जाकर केक काट कर जन्मदिन या विवाह की वर्षगांठ मनाने से अच्छा गौ शाला में जाकर गौ सेवा करें। आज कथा के दौरान कन्हैया और उनके ग्वाल बालों के साथ दही की मटकी को फोड़ा गया। पंडाल खचाखच भरा हुआ था और बालाजी गौ धाम की ओर से दानदाताओं का स्वागत व सम्मान किया गया। मंगलवार को सूरजकुंड आश्रम से महंत अवधेशानंद महाराज का सानिध्य मिलेगा जबकि रात्रि को डॉ. ओम मुंडेल के द्वारा भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएगी।

 

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!