पिता ने शोक संदेश छपवाकर किया मृत्युभोज
उदयपुर, 23 अप्रैल (ब्यूरो): जिले के सायरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक लड़की के प्रेमविवाह से उसके माता—पिता इतने आहत हुए कि उन्होंने लड़की के नाम से शोक संदेश छपवाकर मृत्युभोज तक कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार करीबन दो महीने पहले एक लड़की
एकाएक घर से गायब हो गई। परिजनों ने अपनी गुमशुदा बेटी की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई। त्वरित कार्रवाई करते पुलिस ने जब लड़की को ढूंढा तो वह अपने ही गांव के एक लड़के से अंतरजातीय विवाह कर चुकी थी। हद तो तब हुई जब लड़की के परिजन थाने में मिलने आए तो बेटी ने उन्हें पहचानने तक से इनकार कर दिया। इश्क में अंधी कलयुगी बेटी के इस व्यवहार से माता—पिता इतने खिन्न हुए कि उन्होंने बेटी को मृत घोषित कर दिया। इतना ही नहीं परिजनों ने उसका शोक सन्देश छपवाया और मृत्युभोज भी रखवाया।
यह था मामला—पुलिस के अनुसार लड़की 10 मार्च 2024 को अपने घर से गायब हुई थी। यां यूं कहें कि अपने प्रेमी के साथ योजनाबद्ध तरीके से भाग गई थी। 11 मार्च को लड़की के घरवालों ने थाने में रिपोर्ट लिखवाई। 14 अप्रैल को अपने रिश्तेदारों के समझाने पर लड़का उस लड़की को लेकर सायरा थाना पहुंचा। जहां पुलिस ने लड़की व लड़के दोनों के परिजनों को बुलाया। अपने माता—पिता को सामने देख लड़की ने उनके साथ जाना तो दूर, उन्हें पहचानने तक से मना कर दिया और कहा कि अब वह सारा जीवन इस लड़के के साथ ही बिताएगी। पुलिस ने बताया इसके बाद दोनों सूरत चले गए। बता दें कि नवविवाहित लड़का—लड़की पूर्ण रूप से बालिग हैं। फिलहाल किसी के भी खिलाफ कोई प्रकरण दर्ज नहीं हुआ है।
आहत परिजनों ने मुंडन करावाकर किया मृत्यु भोज-बेटी के इस कृत्य से खिन्न हुए पिता ने 22 मई को उसे मृत घोषित करते हुए स्वयं का मुंडन करा लिया। शोक संदेश छपवा कर रिश्तेदारों में बंटवा दिया। यहां तक बिरादरी में मृत्युभोज तक करवा दिया। लड़की के इस कदम से पूरे परिवार में रोष का माहौल है।