कैबिनेट मंत्री ख्रराड़ी को नाबालिग ने दी जान से मारने की धमकी, पुलिस ने किया डिटेन

उदयपुर। राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं झाड़ोल विधायक बाबूलाल खराड़ी को जान से मारने की धमकी मिली है। वॉट्स एप ग्रुप पर दी गई धमकी के बाद सक्रिय पुलिस ने महज डेढ़ घंटे बाद 16 साल के आरोपी को डिटेन कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार ग्रामीण क्षेत्र के वाट्स एप ग्रुप में कैबिनेट मंत्री खराड़ी को संबोधित करते हुए आरोपी ने लिखा कि” बाबूलाल खराड़ी को बोल देना कि गोलकुण्डा माताजी पर पधारने से पहले दो बार सोच ले। इसको मरना है या जिंदा रहना है। इसने आज तक लोगों के बारे में कभी सोचा है…. आज तक मौज कर रहा है। हमारे साथ लग गया तो मर जाएगा। इसके बाद ग्रुप एडमिन हरकत में आए और मामला पुलिस तक पहुंच गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी 16 साल का किशोर है, जिसे डिटेन कर लिया गया।
अपशब्द भी लिखे
कोटड़ा थानाधिकारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को कैबिनेट मंत्री के पहली बार कोटड़ा आने का कार्यक्रम था। इस दौरान उन्हें विकसित भ्ज्ञारत संकल्प शिविर में जाना था। मंत्री की ससुराल कोटड़ा क्षेत्र के नयावास गांव का ‘जयश्री मां गोरकुण्डावाली नयावास’ वाट्स एप ग्रुप में मंत्री खराड़ी के दौरे की जानकारी शेयर की गई थी। इसके तुरंत बाद करीब चार बजे इसी ग्रुप से जुड़े एक सदस्य ने धमकी भरे मैसेज लिखे और शेयर कर दिए। जिसमें कैबिनेट मंत्री के लिए अपशब्द उपयोग में लिए गए। हालांकि पुलिस आरोपी के यहां पहुंचती, उससे पहले वाट्स एप ग्रुप के एडमिन ने आरोपी को ग्रुप से रिमूव कर दिया था।
आरोपी का परिवार कांग्रेसी विचारधारा का
थानाधिकारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि कोटड़ा प्रधान सुगना देवी के पति सुरेश कुमार के मामला दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने आरोपी को डिटेन कर लिया था। इसके बाद नाबालिग ने माफी भी मांगी थी। जांच में पता चला कि नाबालिग का परिवार कांग्रेस की विचारधारा से जुड़ा हुआ है। जिसके चलते उसने यह धमकी भरा मैसेज वायरल किया था। गुरुवार को आरोपी को संप्रेषण गृह भेज दिया गया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!