मतदाता जागरूकता अभियान
उदयपुर 27 अक्टूबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगामी विधानसभा आम चुनाव 2023 के मद्देनजर जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द पोसवाल के निर्देशन में नित नए नवाचार किए जा रहे हैं। इसी क्रम में स्वीप टीम उदयपुर के तत्वावधान में शुक्रवार को भंडारी दर्शक मंडप उदयपुर के स्टेडियम में महिलाओं के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम हुआ।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी आदि महिला कार्यकर्ताओं ने मानव श्रृंखला से भारतीय चुनाव चिन्ह का इमेज फॉरमेशन किया। साथ ही मतदाता जागरूकता रैली निकाली। कार्यक्रम में स्वीप प्रभारी कीर्ति राठौड़ ने सभी महिला कार्यकर्ताओं की चुनाव चिन्ह बनाने में सराहना की साथ ही सभी को अपने-अपने कार्य क्षेत्र में अधिक से अधिक मतदान करवाने एवं किशोरी बालिकाओं को पहली बार चुनाव में मतदान करने के लिए प्रेरित करने को कहा।
महिला अधिकारिता उपनिदेशक संजय जोशी ने सभी महिलाओं से लोकतंत्र के प्रति सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। स्वीप सह प्रभारी पुनीत शर्मा ने महिला एवं बाल विकास विभाग की समस्त महिला कार्यकर्ताओं से मतदाताओं को मतदान करने, अपना नाम वोटर लिस्ट में चेक करने, वोटर हेल्पलाइन ऐप सक्षम एप ,सी विजिल एप, 1950 पर एमसीसी संबंधित शिकायत, केवाईसी ऐप, सक्षम ऐप, फॉर्म 80 डी एवं 80 वर्ष से अधिक मतदाता व विशेष दिव्यांग जनों के लिए घर से मतदान करने संबंधी जानकारी देने को कहा। कार्यक्रम में जिला समन्वयक डॉ देवीलाल गर्ग, जिला अम्बेसडर कुलदीप सिंह आदि उपस्थित थे।
दूसरी ओर ईआरओ 153 उदयपुर शहर स्वीप टीम द्वारा मतदाता जागरूकता हेतु राबाउमावि महिला मंडल की छात्राओं को अधिक से अधिक मतदान करने एवं करवाने के लिए प्रेरित किया और शपथ दिलाई।
महिलाओं ने मानव श्रृंखला से बनाया निर्वाचन चिन्ह, रैली निकाल कर दिया संदेश
