उदयपुर। बाइक चोरी के आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने के बाद जमकर पीटा गया, किन्तु पुलिस के हवाले नहीं किया। इसका कारण पता लगाया तो पता चला पुलिस अपना काम नहीं करती तो लोगों ने सजा देकर उसे छोड़ दिया।
यह घटना उदयपुर के कृषि मंडी की है। जहां शुक्रवार दोपहर एक बाइक चुरा रहे युवक को व्यापारियों ने रंगे हाथों ही दबोच लिया। उसकी जमकर पिटाई की और सारे कपड़े फाड़ दिए। उसे नंगा करने के बाद भगा दिया गया। पुलिस को सूचित नहीं किए जाने को लेकर व्यापारियों का कहना है कि यह वाहन चोरी के प्रयास की घटना थी। इससे पहले यहां मंडी से व्यापारियों के दुपहिया वाहन चोरी हो गए और उसकी सूचना पुलिस को दी। आज तक ना तो चोर पकड़े गए और ना ही उनके वाहन जब्त किए गए। जिस पर व्यापारियों ने निर्णय लिया कि अब पुलिस को सूचित नहीं करेंग, बल्कि खुद ही निपटना शुरू करेंगे। शुक्रवार दोपहर उनके हाथ बाइक चोरी का एक आरोपी लग गया। जिसे दबोचने के बाद पहले तो उसकी जमकर पिटाई की और बाद में निर्वस्त्र करके उसे छोड़ दिया गया। चोरी के आरोपी को व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि वह अब कभी मंडी परिसर में दिखाई नहीं देना चाहिए। इस मामले में पुलिस अधीक्षक विकास शर्मा का कहना है कि उन्हें इस घटना की जानकारी मिली है। इस तरह व्यापारियों को कानून हाथ में लेने की बजाय पुलिस को सूचित करना चाहिए। अब पुलिस मंडी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के आधार पर चोरी के आरोपित की पहचान करके उसकी तलाश में जुटी है। संभावना जताई जा रही है कि वाहन चोर गिरोह और उनके सदस्य जल्द ही पुलिस की पकड़ में होंगे। इधर, व्यापारियों का कहना है कि मंडी परिसर की चारदीवारी के टूटने के बाद वाहन चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने इस मामले में चारदीवारी दुरुस्त करने की मांग की है।
व्यापारियों ने बाइक चोरी के आरोपी को पकड़ा, जमकर पीटने के बाद निर्वस्त्र करके भगा दिया पुलिस को नहीं दी सूचना
