उदयपुर। कांग्रेस के 139 वें राष्ट्रीय स्थापना दिवस के उपलक्ष्य पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा ने ब्रह्मपुरी स्थित 99 वर्षीय स्वतंत्रता सेनानी मनोहर लाल जी औदीच्य के निवास स्थान पर पहुंच कर उन्हें गांधी टोपी, सूत की माला, तिरंगा उपरणा एवं शॅाल ओढ़ा कर सम्मान किया। साथ ही शर्मा ने श्रीफल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया। छोटी ब्रह्मपुरी में संगोष्ठी को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा कि देश को आजादी दिलाने में महात्मा गांधी के नेतृत्व में स्वतंत्रता सेनानियों ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हम सब प्रदेशवासियों एवं शहर वासियों का कर्तव्य है कि महत्वपूर्ण पर्वों पर हम सभी स्वतंत्रता सेनानियों के निवास स्थान पर जाकर उनका एवं परिवारजनों का सम्मान करें, ताकि आने वाली नई पीढ़ी उनसे प्रेरणा ले सकें एवं नैतिक मूल्यों पर आधारित अपने जीवन व्यतीत कर सके। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता सेनानी मनोहर लाल औदीच्य ने महात्मा गांधी से जुड़े हुए अपने आजादी के संस्मरण सुनाए एवं राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि गहलोत ने मुख्यमंत्री रहते हुए जिला प्रशासन एवं महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के माध्यम से संपूर्ण राज्य में स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान किया हम उनका शुक्रिया अदा करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान चंद्रेश औदीच्य, उषा औदीच्य, इरा औदीच्य सहित महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के सदस्यगण अशोक तंबोली, उमेश शर्मा, भगवान सोनी, कन्हैयालाल मेनारिया, दुर्गेश कुमावत डॉ. संदीप गर्ग, राजवीर मेघवाल, पीराराम चौधरी मौजूद थे।
इसके उपरांत शर्मा ने अशोक नगर स्थित स्वतंत्रता सेनानी 99 वर्षीय रामस्वरूप पंचोली के निवास स्थान पर पहुंच कर उन्हें गांधी टोपी, सूत की माला, तिरंगा उपरणा एवं साल ओढ़ा कर और श्रीफल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया। पंचोली ने अपने प्रजामंडल के समय के माणिक्यलाल वर्मा एवं मोहनलाल सुखाड़िया के साथ जो काम किया उसके संस्मरण सुनाए और कांग्रेस सरकार की तारीफ करते हुए कहा की कांग्रेस सरकार जब जब भी केंद्र में और राज्य में रही तब स्वतंत्रता सेनानीयों के मान सम्मान में कोई कमी नहीं रखी है। हमें भी उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।
शर्मा ने बताया की 99 वर्षीय मनोहर लाल औदीच्य एवं रामस्वरूप पंचोली आज भी अपने नित्य कर्म स्वयं करते हैं एवं बिना चश्मे के समाचार पत्रों का वाचन कर लेते हैं, नई पीढ़ी को इससे प्रेरणा लेनी चाहिए।
इस मौके पर सीमा पंचोली, सुदर्शन पंचोली, अंशुमान बिल्लू, हर्षिता पंचोली एवं महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के सदस्यगण मौजूद रहे।