उदयपुर। झीलों की नगरी उदयपुर में बीते साल रिकार्ड 20 लाख पावणे घूमने आए।
पर्यटन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार साल 2023 उदयपुर के लिए खुशियों से भरा रहा। एक साल की अवधि में 19 लाख 90 हजार 689 पर्यटक उदयपुर घूमने आए। जिनमें विदेशी पर्यटकों की संख्या 2 लाख 45 हजार 92 रही। सबसे ज्यादा पर्यटक वर्ष के अंतिम महीने दिसम्बर में आए थे। इस महीने 2 लाख 27 हजार 100 पर्यटक यहां आए, जिनमें विदेशी पर्यटकों की संख्या 17 हजार 992 रही। विभाग की उपनिदेशक शिखा सक्सेना ने बताया कि बीते साल हर महीने उदयपुर में पर्यटकों की संख्या अच्छी खासी रही। लेकसिटी में दिनोंदिन पर्यटकों की संख्या में वृद्धि टूरिज्म इंडस्ट्री के लिए अच्छी बात है।
ऐतिहासिक धरोहर और प्राकृतिक सौंदर्य पर्यटकों की पसंद
पर्यटन विभाग की उप निदेशक शिखा सक्सेना बताती हैं कि यहां आने वाले पर्यटकों को ऐतिहासिक धरोहर के अलावा यहां का प्राकृतिक सौंदर्य खास पसंद है। पर्यटकों ने उदयपुर शहर के अलावा यहां के आसपास के क्षेत्र में भ्रमण किया। आने वाले समय में झील उत्सव भी आयोजित करेंगे, जिसमें यहां आने वाले पर्यटकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
गौरतलब है कि साल 2022 में उदयपुर में पंद्रह लाख से अधिक पर्यटक पहुंचे। जबकि साल 2023 में लगभग पांच लाख पर्यटकों का इजाफा रहा।
साल 2023 में लेकसिटी आए 20 लाख पावणे
