महिला के गुर्दे से निकाली 16 सेमी की पथरी

दावा विश्व की सबसे बड़ी पथरी निकालने का
उदयपुर। यहां निजी अस्पताल में 45 साल की एक महिला के गुर्दे से 16 सेन्टीमीटर की पथरी आॅपरेशन के जरिए निकाली गई। मेडिकल इतिहास में इसे अब तक की सबसे बड़ी पथरी बताया जा रहा है। इससे पहले श्रीलंका के कोलंबो आर्मी हॉस्पीटल में 13.37 सेन्टीमीटर की पथरी निकाली गई थी, जो विश्व में सबसे बड़ी थी।
यहां जीबीएच अमेरिकन अस्पताल में यूरोलॉजी विभाग के डॉ. प्रदीप शर्मा ने बताया कि आबूरोड निवासी 45 वर्षीया मोनिका शर्मा यहां उपचार के लिए आई थी। जांच में पता चला कि उसके जन्म से ही दायां गुर्दा नहीं है और बाएं गुर्दे में फंसी पथरी 16 सेन्टीमीटर की है। इतनी बड़ी पथरी होने से महिला का गुर्दा सही तरीके से काम नहीं कर रहा था। उसमें मवाद भर गई थी। जिससे मरीज का क्रिएटीनिन बढ़़कर 5 मिलीग्राम पहुंच गया था। डॉक्टर्स की टीम ने महिला का उपचार किया। स्टंट डालकर डिस्चार्ज किया गया। दवाइयों से क्रिएटीनिन नियंत्रित कर उसका आॅपरेशन कर करीब आधा किलो की पथरी को टुकड़े कर बाहर निकाला गया। सीटी स्कैन के अनुसार पथरी की लंबाई 16 सेन्टीमीटर थी। पथरी निकालने के बाद गुर्दा सही तरीके से काम करने लगा तथा क्रिएटीनिन 1.6 मिलीग्राम हो गया।
डॉ. प्रदीप का दावा है कि निकाली गई यह पथरी विश्व की सबसे बड़ी है। इससे पहले भारत में साल 2004 में 13 सेन्टीमीटर की पथरी निकाली गई थी। अब निकाली गई 16 सेन्टीमीटर की पथरी की जानकारी जनरल प्रकाशन एवं केस स्टडी के लिए भेजा जाएगा। इस आॅपरेशन में डॉ. प्रदीप शर्मा का साथ गुर्दारोग विशेषज्ञ डॉ. अनुराग जैन, निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ. तरूण भटनागर तथा डॉ. विकास शर्मा ने दिया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!