प्रदर्शनी में विभिन्न विषयों पर सत्रों का आयोजन
निम्बाहेडा 31 जनवरी, 2023 । एक समय था जब समाज के किसी एक वर्ग विशेष को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाई जाती थीं और एक सीमित वर्ग को ही उन योजनाओं का लाभ होता था। मगर आज देश को एक ऐसा नेतृत्व मिला है, जिसके पास देश के हर व्यक्ति को फायदा हो, ऐसी योजनाएं बनाने और लागू करने की दृष्टि है। यही कारण है कि आज समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के भी सर्वांगीण विकास का प्रयास किया जा रहा है। यह उद्गार आज जिला प्रमुख डा0 सुरेश धाकड ने व्यक्त किए। वह केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय-उदयपुर, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से आयोजित तीन दिवसीय प्रदर्शनी के दूसरे दिन आयोजित कार्यक्रम के अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि एक समय था जब चाहे गंभीर बीमारियों की दवाओं का सवाल हो या सेना के लिए हथियार या फिर नई प्रौद्योगिकी, भारत हमेशा दूसरे देशों का मुखापेक्षी होकर रहता था। आज स्थिति बदल गई है और भारत इन सभी क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। यह परिवर्तन भारत को एक विकसित राष्ट्र और महाशक्ति के रूप में तैयार करने के केंद्र सरकार के प्रयासों के कारण हुआ है।
इस अवसर पर मंच पर पार्षद मंयक अग्रवाल, स्वामी विवेकानन्द माॅडल स्कूल के प्रधानाचार्य, महेश ज्ञान मन्दिर के प्रधानाचार्य बी एम राठी, मोहित स्कूल के प्रधानाचार्य प्रकाश चेलावत, स्मार्ट किड्स, राजकीय उच्च माध्यमिक विधालय, भारतीय डाक विभाग के निरीक्षक जितेन्द्र चैधरी, महिला अधिकारिता की प्रचेता शबनम खान, महिला बाल विकास विभाग की महिला पर्यवेक्षक कौशल्या शर्मा, इन्दिरा गाॅधी मातृत्व पोषण योजना के ब्लाॅंक समन्वयक कमलेश शर्मा, एन एस एस प्रभारी प्रिया सिसोदिया, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विधालय के प्रदीप कुमार मेघवाल, दिनेश कुमार नेहरा आदि उपस्थित थे। इस अवसर पर उपस्थित दर्शकों के लिए पुशअप्स प्रतियोगिता, मौखिक प्रश्नोत्तरी एवं नौ दो ग्यारह प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विजेताओं को अतिथियों के हाथों पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस प्रदर्शनी में विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा उनकी योजनाओं की जानकारी देने हेतु स्टॉल्स लगाए गए हैं। इनमें महिला व बाल विकास विभाग, कृषि विभाग, उद्यान विभाग, डाक विभाग, स्वास्थ्य विभाग आदि सम्मिलित हैं। केंद्रीय संचार ब्यूरो के सहायक निदेशक रामेश्वर लाल मीणा ने बताया की इस प्रदर्शनी में आजादी के महानायक, राजस्थान के स्वतंत्रता सेनानी एवं प्रमुख घटनाओं के साथ-साथ एक भारत श्रेष्ठ भारत, महिला सशक्तिकरण, आयुष्मान भारत, भारतीय जनऔषधि परियोजना, स्वच्छ भारत मिशन, फिट इंडिया, अग्निपथ योजना, किसानों से सम्बन्धित योजनाएं, पोषण और मिशन इंद्रधनुष योजना, गतिशक्ति योजना, नयी शिक्षा नीति सहित केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं पर पैनल लगाए गए हैं। उन्होने बताया की इस प्रदर्शनी में केंद्र सरकार की विविध योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न अत्याधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसमें ऑनलाइन क्विज, एलईडी स्क्रीन आदि के माध्यम से दर्शकों को मनोरंजक और आकर्षक ढंग से विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जा रही है और भविष्य के प्रौद्योगिकी सम्पन्न भारत के दर्शन कराये जा रहे हैं। इसके अलावा कई तरह की फिजिकल एक्टीविटी का समावेश भी इस प्रदर्शनी में किया जा रहा है। यह प्रदर्शनी 01 फरवरी, 2023 तक सुबह 10 से शाम 05 बजे तक आम नागरिकों के लिए निःशुल्क खुली रहेगी। इस अवसर पर जादूगर एम लाल लक्षकार द्वारा मैजिक शो के माध्यम से मनोरंजक पूर्वक जानकारी दी गई।